गाजीपुर ।
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा ने आज पुलिस लाइन सभागार में अपराध समीक्षा बैठक एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया ।
इस बैठक में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ), प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं पुलिस अधिकारियों के साथ थाना-वार अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई ।
इस बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महिला संबंधी अपराधों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को टॉप-10 अपराधियों, गुंडों, माफियाओं तथा अन्य सक्रिय अपराधियों की अद्यतन सूची तैयार कर उनके विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के आदेश दिए ।

एसपी डॉ. ईराज रजा ने जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ने, पुलिस बीट प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनसुनवाई, आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।
इस बैठक में ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई और अभियान को और तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जिले के सभी सर्किल अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बैठक में उपस्थित रहे।