
ग़ाज़ीपुर ।
गाजीपुर प्रशासन ने बारिश के मौसम में बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने लोगों से जर्जर बिजली के पोल और लटकते तारों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
बारिश के मौसम में बिजली के पोल और लटकते तार अक्सर बड़े हादसों का कारण बनते हैं। इन्हीं संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान विशेष अभियान की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बिजली से जुड़े हादसों की रोकथाम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए बिजली विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं जर्जर बिजली का पोल, झुका हुआ खंभा, टूटे या लटकते तार अथवा किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के नंबर 9453047253 पर दें।
डीएम ने कहा कि सूचना मिलते ही संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायत मिलने के बावजूद यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती है, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में नागरिक सीधे जिलाधिकारी के सीयूजी नंबर पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि समय रहते हस्तक्षेप कर जनहानि को रोका जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों और तारों के आसपास सतर्क रहें तथा किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत सूचना देकर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।