
गाजीपुर ।
स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज), गाजीपुर में बीकॉम प्रथम वर्ष (सत्र 2026-27) की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। महाविद्यालय प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों की चयन सूची आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। चयनित अभ्यर्थी 7 एवं 8 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन प्रवेश आवेदन-पत्र भर सकेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन-पत्र का प्रिंट तथा सभी आवश्यक मूल अभिलेखों के साथ 9 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक वाणिज्य विभाग में गठित काउंसलिंग समिति के समक्ष उपस्थित होकर दस्तावेजों का सत्यापन कराना होगा। सत्यापन के उपरांत निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करने पर ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी ।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन-पत्र एवं प्रवेश शुल्क जमा न करने वाले अभ्यर्थियों की सीट स्वतः रिक्त मान ली जाएगी। ऐसी स्थिति में रिक्त सीटों पर प्रतीक्षा सूची अथवा सूची से बाहर के पात्र अभ्यर्थियों को प्रवेश का अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस बाबत प्राचार्य ने बताया कि महाविद्यालय ने डिजिटल इंडिया अभियान एवं पारदर्शी प्रवेश व्यवस्था को बढ़ावा देते हुए ऑनलाइन आवेदन और काउंसलिंग प्रणाली लागू की है। इससे अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया में सुविधा मिलने के साथ पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी ।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने पाल्यों का ऑनलाइन आवेदन पूर्ण कराकर आवश्यक मूल अभिलेखों सहित काउंसलिंग प्रक्रिया समय पर संपन्न कराएं, ताकि प्रवेश से वंचित न रहना पड़े ।