
गाजीपुर ।
कोतवाली पुलिस ने फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर है, जिसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, गैंगस्टर समेत लगभग 26 आपराधिक मुकदमे विभिन्न जनपदों तथा बिहार में दर्ज हैं ।
पुलिस के मुताबिक 2 जुलाई को कोतवाली क्षेत्र स्थित अष्टभुजी कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण कुमार उपाध्याय के घर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया ।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान सुखदेवपुर तिराहे से अमित राय (36) पुत्र राम प्रवेश राय तथा आयुष राय (21) पुत्र शैलेंद्र राय, निवासी जोगामुसाहिब, थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस बरामद होने का दावा किया गया है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अमित राय थाना करीमुद्दीनपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध गाजीपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एवं आर्म्स एक्ट सहित करीब 26 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने यह भी बताया कि वर्ष 2016 में प्रवीण कुमार उपाध्याय के पिता की हत्या के मामले में भी अमित राय आरोपी है और वह मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है ।
यह सफल गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में गोराबाजार चौकी इंचार्ज शिवाकांत मिश्रा एवं मय कोतवाली पुलिस टीम के सहयोग से की गई है ।