
गाजीपुर ।
जनपद में संचालित गौशालाओं में गोवंशों के संरक्षण, बेहतर देखभाल एवं व्यवस्थाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने नगर पालिका परिषद मोहम्मदाबाद की अस्थायी गौशाला तथा कठऊत स्थित स्थायी गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशालाओं में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, पशुओं के रखरखाव, साफ-सफाई, चारा एवं पेयजल व्यवस्था का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कठऊत स्थित स्थायी गौशाला के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए उपलब्ध भूसा, हरा5 चारा, स्वच्छ पेयजल तथा पशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान गोवंशों की संख्या के अनुपात में हरे चारे की उपलब्धता अत्यंत कम पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोवंशों के भोजन, स्वास्थ्य एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में पशुओं की मृत्यु होने की स्थिति में उनके निस्तारण एवं दफनाने की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मृत पशुओं को दफनाने के लिए निर्धारित स्थान की उचित ब्रैकेटिंग कर उसे सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित हो सके।
गौशाला परिसर में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सोलर पैनल स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था से गोवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा कर्मचारियों को भी रात्रि में कार्य करने में सुविधा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं, जिससे गोवंशों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।