
गाजीपुर ।
गोड़उर और देवरिया के बीच बीती रात लगभग 10 बजे बिना नंबर प्लेट की सफेद टाटा सूमो में आए कुछ लोगों द्वारा दो युवकों को उठा ले जाने का एक सनसनीखेज आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार का दावा है कि उठाए गए लोग अमित राय और गोल्डन राय हैं, जो ग्राम जोगामुसाहिब, जनपद गाजीपुर के निवासी हैं ।
STF/SOG बताने का आरोप, सूचना नहीं मिलने से चिंता —
परिवार के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने बताया कि सूमो सवार लोग खुद को एसटीएफ (STF) या एसओजी (SOG) की टीम का सदस्य बता रहे थे। परिजनों का यह आरोप है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी परिवार को किसी प्रकार की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। परिजनों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति से पूछताछ या कार्रवाई करनी होती है, तो कानून के अनुसार उसके परिवार को इसकी सूचना देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बिना जानकारी के इस तरह ले जाना परिवार के लिए अत्यंत चिंता और भय का विषय है।
डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग —
परिवार के लोगों ने जिलाधिकारी गाजीपुर एवं जिला प्रशासन से पूरे मामले की तत्काल निष्पक्ष जांच कराने का विनम्र आग्रह किया है । उनके द्वारा मांग की गई है कि स्पष्ट किया जाए कि दोनों व्यक्तियों को किस आधार पर और किस एजेंसी द्वारा हिरासत में लिया गया है। परिजनों ने कहा कि कोई भी प्रक्रिया कानून के दायरे में, पारदर्शिता के साथ और परिवार को आवश्यक सूचना देकर की जाए। परिवार को अनिश्चितता और भय में रखना न तो कानून की भावना के अनुरूप है और न ही एक उत्तरदायी प्रशासन की कार्यशैली।

पुलिस का पक्ष —
वहीं इस पूरे मामले में फिलहाल गाजीपुर पुलिस और से सदर क्षेत्राधिकारी भास्कर कुमार मिश्रा ने अभी कुछ समय पूर्व ही यह मीडिया को बयान दिया है कि आज दिनांक 2/7/26 को 112 नंबर पर यह सूचना मिली कि लक्ष्मण पुरी कॉलोनी में एक व्यक्ति के घर पर कुछ बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी है मौके पर पुलिस पहुंची तो ज्ञात हुआ कि प्रवीण उपाध्याय के घर पर बाइक पर दो व्यक्ति जिनके नाम क्रमशः अमित राय व आयुष राय है वह दोनों आए और उनके द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई तथा उनके द्वारा प्रवीण उपाध्याय के ऊपर 3 राउंड पिस्टल से फायर किया गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमित राय ने सन 2016 में प्रवीण राय के पिता की हत्या की थी , ओर वर्तमान में मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है । उल्लेखनीय बात यह है कि अमित राय एक शातिर किस्म का बदमाश है और थाना करीमुद्दीनपुर का एक हिस्ट्रीशीटर है और इसके ऊपर उत्तर प्रदेश में कुल 26 से अधिक मुकदमे पंजीकृत है। जिसमें हत्या , हत्या के प्रयास , लूट , छिनैती , डकैती तथा गैंगस्टर अधिनियम के मुकदमे पंजीकृत है यह भी जानकारी प्राप्त हुई है कि इसके ऊपर बिहार प्रांत में भी कुछ मुकदमे दर्ज है यह एक दुर्दांत किस्म का अपराधी है तथा इसको गाज़ीपुर पुलिस के द्वारा गिरफ्तार करने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है ।