
गाजीपुर ।
जिले के भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के घटारो गांव में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि सामाजिक बदनामी के भय और बेटी के घर से कई बार चले जाने से नाराज होकर मां ने उसे भोजन में जहर मिलाकर दे दिया , जिससे उसकी मौत हो गई ।
पुलिस के अनुसार, 21 जून को युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी मौत हो गई थी। शुरुआत में मामले को सामान्य मौत के रूप में देखा जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतका पहले भी कई बार घर से चली गई थी। घटना से लगभग डेढ़ माह पहले भी वह एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस का आरोप है कि घटना वाले दिन जब युवती वापस घर लौटी तो उसकी मां ने नाराजगी और कथित पारिवारिक बदनामी के कारण भोजन में जहर मिलाकर उसे खिला दिया। जहर के असर से युवती की तबीयत बिगड़ी और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मां ने गांव के एक युवक पर युवती को जहर देने का आरोप लगाया था । हालांकि, विवेचना और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने निष्कर्ष निकाला कि युवती की हत्या उसकी मां ने ही की थी ।
भुड़कुड़ा थाना पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया , जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है ।