
गाजीपुर। गर्मी की लंबी छुट्टियों के उपरांत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, रायगंज, गाजीपुर में विद्यार्थियों का उत्साहपूर्ण एवं पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर तथा पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे परिसर में उल्लास और उत्साह का वातावरण देखने को मिला ।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रामेश्वर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबी और आनंददायक छुट्टियों के बाद सभी का विद्यालय परिवार में पुनः हार्दिक स्वागत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यार्थियों ने अवकाश के दौरान अपने परिवार के साथ सुखद समय व्यतीत किया होगा और अब नई ऊर्जा, उत्साह तथा संकल्प के साथ अध्ययन के लिए तैयार हैं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि छुट्टियां मनोरंजन और विश्राम के लिए होती हैं, लेकिन विद्यालय वह स्थान है जहां सपनों को साकार करने की नींव रखी जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र में नए लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी कमियों को दूर करने तथा पूर्ण समर्पण और परिश्रम के साथ अध्ययन करने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वास दिलाया कि विद्यालय के सभी शिक्षक उनके सर्वांगीण विकास के लिए सदैव मार्गदर्शन और सहयोग के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। साथ ही विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग करते हुए अपने माता-पिता, विद्यालय और समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया तथा सभी को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य, आचार्याएं, विद्यार्थी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने विद्यार्थियों में नए सत्र के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार दिखा ।