
गाजीपुर।
गहमर थाना क्षेत्र में 24 दिसंबर 2025 को हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड के मामले में गाजीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को आरोपी लखन उर्फ विकास सिंह पर NSA लगाया गया था, जबकि 29 जून 2026 को आरोपी अरविंद उर्फ भदाकू सिंह और अमन सिंह के विरुद्ध भी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम की धारा 3(2) के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, गहमर पट्टी खेलू राय स्थित तालाब के समीप विक्की सिंह, सौरभ सिंह और अंकित सिंह की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर जेल भेजा।

मुख्य आरोपी ओम सिंह को 27 दिसंबर 2025 को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 1 जनवरी 2026 को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान अरविंद उर्फ भदाकू सिंह और अमन सिंह को भी गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों को भी विधिक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया, जबकि दो आरोपियों ने बाद में न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
पुलिस अधीक्षक डॉ ईरज राजा का कहना है कि इस जघन्य वारदात के बाद गहमर क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया था। व्यापारिक प्रतिष्ठान, स्कूल-कॉलेज और जनजीवन प्रभावित हुआ था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस और पीएसी की अतिरिक्त तैनाती की गई तथा लगातार फ्लैग मार्च और शांति समिति की बैठकों का आयोजन किया गया ।
वहीं पुलिस अधीक्षक का कहना है कि आरोपियों की गतिविधियों और घटना के व्यापक प्रभाव को देखते हुए जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तीनों आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है।