
गाजीपुर ।
गाजीपुर पुलिस ने बुधवार शाम सदर कोतवाली क्षेत्र के कुर्था गांव में हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली लगने से स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कमलेश चौधरी 29 मई को सदर कोतवाली क्षेत्र के फुल्लनपुर में हुए चर्चित विनीत राय हत्याकांड का नामजद आरोपी था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था ।

बताया जाता है कि फुल्लनपुर निवासी होटल व्यवसायी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की 29 मई को बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में परिजनों की तहरीर पर कटरा गैंग से जुड़े शंकर पांडेय, कमलेश चौधरी, आलोक दुबे और सोनू यादव के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं ।
बुधवार शाम पुलिस को सूचना मिली कि वांछित आरोपी कमलेश चौधरी कुर्था गांव के आसपास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख कमलेश चौधरी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई ।

मुठभेड़ के दौरान बदमाश की गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा के हाथ में लगी, जिससे वे घायल हो गए। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कमलेश चौधरी के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न गंभीर अपराधों के सात मुकदमे दर्ज थे। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है ।