
गाजीपुर ।
मानवता और सामाजिक एकता की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन के सदस्यों ने अपने एक गंभीर रूप से बीमार साथी चालक की सहायता के लिए रक्तदान किया। संगठन के सदस्य मंगलवार को गाजीपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे और रक्तदान कर अपने साथी की जान बचाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार भांवरकोल निवासी चालक सदस्य जितेंद्र चौरसिया की तबीयत गंभीर होने के कारण उन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता थी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और रक्तदान कर सहयोग किया।
इस अवसर पर संगठन के उपाध्यक्ष अशोक राजभर ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल चालक हितों की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में अपने साथियों के साथ खड़ा रहना भी है। उन्होंने कहा कि जितेंद्र चौरसिया को रक्त की आवश्यकता की जानकारी मिलते ही संगठन के सदस्य तत्काल एकत्र हुए और रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि उनके साथी धर्मेंद्र यादव की पुत्रियां आकांक्षा एवं आंचल तथा उनकी पत्नी कुसुम देवी भी रक्तदान के लिए आगे आईं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
अशोक राजभर ने कहा कि भविष्य में भी संगठन का कोई भी सदस्य किसी प्रकार की परेशानी या आवश्यकता में होगा तो उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन के सभी सदस्य 24 घंटे उसकी सहायता के लिए तत्पर रहेंगे।
जिला सचिव कैलाश यादव ने कहा कि आकांक्षा, आंचल और कुसुम देवी ने रक्तदान कर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए सभी चालक साथियों से संगठन के प्रति सहयोग और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उन्होंने कहा कि संगठन अपने प्रत्येक सारथी भाई के सुख-दुख में सहभागी है और किसी भी सदस्य के बीमार होने अथवा आवश्यकता पड़ने पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विनोद यादव, उपाध्यक्ष अशोक राजभर, कोषाध्यक्ष संजय सिंह कुशवाहा, सचिव कैलाश यादव, उप सचिव एजाज खान, धर्मेंद्र यादव, नीरज कुमार, लाल यादव, प्रदीप यादव, अब्दुल, अल्केश यादव, मनीष कुमार, आकांक्षा यादव, आंचल यादव एवं कुसुम यादव सहित संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।