
गाजीपुर ।
देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना के बीच राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर रहीं। सुबह से ही सभी दल अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे थे, लेकिन दोपहर बाद पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी से आए रुझानों ने भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में माहौल बना दिया। इसके बाद देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई ।
गाजीपुर में भी इसी उत्साह का नजारा देखने को मिला। भाजपा जिला कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाइयां दी गईं और पटाखे जलाकर खुशी का इजहार किया गया। इस आयोजन की अगुवाई राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत और भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की।

जश्न में शामिल डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि चुनाव परिणामों के संकेत पहले से ही मिल रहे थे, जो अब स्पष्ट हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल सहित तीन राज्यों में भाजपा सरकार बनाने जा रही है ।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बंगाल दौरे का जिक्र करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने वहां झालमूड़ी खाई, लेकिन उसकी मिर्ची किसी और को लगी,” जो विपक्ष पर कटाक्ष था। उन्होंने यह भी कहा कि अब पूरा देश भाजपा के समर्थन में दिखाई दे रहा है और पश्चिम बंगाल भी इस बदलाव का हिस्सा बन चुका है।
बारिश को लेकर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह खुशी का प्रतीक है—“आज इंसान ही नहीं, देवताओं के राजा इंद्र भी प्रसन्न होकर वर्षा कर रहे हैं ।”
उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका मनोबल पहले ही टूट चुका था, लेकिन वे कार्यकर्ताओं का उत्साह बनाए रखने के लिए जीत के दावे करते रहे ।
