त्योहारों से पहले SP ने संभाला मोर्चा, भारी फोर्स के साथ किया पैदल गश्त, बोले- “भयमुक्त होकर मनाएं त्योहार”

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा को लेकर जनपद की पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रविवार देर शाम को पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक का यह पैदल गश्त / रूट मार्च कोतवाली थाना क्षेत्र के सैनिक चौराहे से शुरू हुआ। जो बड़ी बाग (चुंगी), रामलीला मैदान, लंका तिराहा होते हुए विशेश्वरगंज तक गया। इस दौरान एसपी ने रूट में पड़ने वाले सर्राफा बाजार सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों का पैदल भ्रमण किया और दुकान संचालकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान उन्होंने ने आम नागरिकों, दुकानदारों और संभ्रांत व्यक्तियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
इस दौरान उन्होंने मुख्य बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को 24 घंटे सतर्क और सक्रिय रहने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, स्वाट टीम प्रभारी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।