रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सोमवार शाम को बड़ा अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) वाराणसी जोन के आदेश पर पुलिस कप्तान विनय कुमार सिंह के निर्देशन में पूरे जिले में एक साथ वाहनों की चेकिंग की गई।
शाम 4 बजे से 6 बजे तक चले इस विशेष अभियान में सभी थानों की पुलिस प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील मार्गों पर तैनात रही। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर एवं ग्रामीण) और सभी क्षेत्राधिकारियों ने खुद मौके पर जाकर चेकिंग की निगरानी की।
अभियान के दौरान पुलिस का मुख्य फोकस बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर फर्राटा भरने वालों पर रहा। नियम तोड़ते पकड़े गए चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, जो वाहन संदिग्ध लगे या जिनके चालक कागजात नहीं दिखा पाए, उन वाहनों को नियमानुसार सीज भी किया गया।
पुलिस ने इस दौरान आम लोगों से शालीन व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को साफ निर्देश दिए गए थे कि चेकिंग के नाम पर किसी आम नागरिक, परीक्षार्थी या परिवार के साथ जा रहे राहगीर को बेवजह परेशान न किया जाए।
गाजीपुर पुलिस ने जनपदवासियों, खासकर युवा बाइक चालकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें। बाइक चलाते समय हमेशा मानक ISI मार्क हेलमेट पहनें और ट्रिपल राइडिंग से बचें।





