पुलिस लाइन में भावभीनी विदाई, 36 और 39 साल की सेवा के बाद दो पुलिसकर्मी हुए सेवानिवृत्त

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, उज्जवल भविष्य की दी शुभकामनाएं
गाजीपुर। पुलिस सेवा में अधिवर्षता आयु 60 वर्ष पूर्ण करने पर जनपद पुलिस के दो पुलिस कर्मियों को शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई।
पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण महोदय द्वारा सेवानिवृत्त होने वाली महिला उपनिरीक्षक आशा सिंह (882050302) और मुख्य आरक्षी भोलानाथ पांडेय (882700164) को अंगवस्त्र, पुष्पमाला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एएसपी ग्रामीण ने कहा कि पुलिस विभाग में इन दोनों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा है। पुलिस परिवार की ओर से दोनों के उज्जवल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखमय जीवन की कामना की गई।
महिला उपनिरीक्षक आशा सिंह वर्ष 1988 में महिला आरक्षी के पद पर भर्ती हुई थीं, उन्होंने 36 वर्ष 08 माह 30 दिन तक विभाग में सेवा दी। वहीं मुख्य आरक्षी भोलानाथ पांडेय वर्ष 1987 में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे और उन्होंने 39 वर्ष 09 माह 30 दिन तक ईमानदारी से कर्तव्यों का निर्वहन किया। इस अवसर पर समारोह में प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन मौजूद रहे।