पुलिस कप्तान ने की IGRS शिकायतों की समीक्षा, लापरवाह थानाध्यक्षों को दी कड़ी चेतावनी

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
निस्तारण कागजी नहीं, मौके पर सुनकर हो; पीड़ित की संतुष्टि जरूरी: एसपी, विनय कुमार सिंह
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस कप्तान ने गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में बड़ी समीक्षा बैठक की।
बैठक में जनपद के सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी, सभी थानों के थानाध्यक्ष/प्रभारी निरीक्षक, हल्का प्रभारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण और आईजीआरएस सेल प्रभारी मौजूद रहे।
इस दौरान पुलिस कप्तान विनय कुमार सिंह ने IGRS पोर्टल पर प्राप्त समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली, मुख्यमंत्री संदर्भ, ऑनलाइन शिकायतों तथा पुलिस कार्यालय के शिकायत प्रकोष्ठ में लंबित मामलों की थानावार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान कई थानों में शिकायतें डिफॉल्टर श्रेणी में मिलने और निस्तारण में देरी पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित थानाध्यक्षों को तत्काल पेंडेंसी खत्म करने का अल्टीमेटम दिया।
उन्होंने साफ कहा कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजों में खानापूर्ति नहीं होना चाहिए। पुलिस मौके पर जाकर दोनों पक्षों की बात सुने और पीड़ित की संतुष्टि के आधार पर ही फाइनल रिपोर्ट लगाए। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले हर फरियादी, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और असहाय लोगों की बात पूरी संवेदनशीलता से सुनी जाए, ताकि आम जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके।
