वाराणसी स्नातक MLC सीट पर सपा का परचम

आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को 19,932 वोटों से हराया
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
वाराणसी/गाजीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में समाजवादी पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए खंड स्नातक विधान परिषद (MLC) सीट पर जीत हासिल कर ली है। सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को कुल 55,046 मत मिले और उन्होंने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. केदारनाथ सिंह को 19,932 मतों के भारी अंतर से पराजित किया।
जीत की घोषणा के बाद मतगणना स्थल पर जश्न का माहौल रहा। सपा के सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
पहले राउंड बुधवार से लास्ट राउंड बृहस्पतिवार तक करीब 55 घंटे चली मतगणना में आशुतोष सिन्हा ने शुरुआती चक्र से ही बढ़त बनाए रखी। 16वें चक्र के बाद आशुतोष को 51,263 और केदारनाथ सिंह को 34,052 मत मिले थे। 19वें चक्र तक आते-आते यह अंतर और बढ़ गया। अंतिम परिणाम में आशुतोष सिन्हा विजयी घोषित किए गए। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतगणना में अनियमितता का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन भी किया था, जिसके बाद सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई।
लगातार दूसरी बार जीत के बाद आशुतोष सिन्हा ने कहा, “यह चुनाव नहीं, चुनौती थी। यह बैलेट बनाम ईवीएम की विचारधारा रखने वालों से लड़ाई थी। मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और उन सभी कार्यकर्ताओं का आजीवन आभारी रहूंगा, जिन्होंने मेरे जैसे छोटे कार्यकर्ता के लिए दिन-रात कदम से कदम मिलाकर साथ दिया। मैं हमेशा कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए खड़ा रहूंगा।”
गौरतलब है कि इससे पहले वाराणसी शिक्षक MLC सीट भी सपा के लाल बिहारी यादव ने जीती थी। इस तरह वाराणसी की दोनों विधान परिषद सीटों पर अब समाजवादी पार्टी का कब्जा हो गया है, जिसे 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी तौर पर बड़ा संदेश माना जा रहा है।