गाजीपुर ।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस को दो अत्याधुनिक इंटरसेप्टर बाइक उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में इन बाइकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा की ओर से गाजीपुर पुलिस को रॉयल एनफील्ड की दो आधुनिक इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई गई हैं। अत्याधुनिक तकनीक से लैस ये बाइक सड़क सुरक्षा अभियान को नई गति देंगी और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इन इंटरसेप्टर बाइकों में स्पीड लेजर गन, हाई विजन एवं नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन सिस्टम (एएनपीआर), ब्रीथ एनालाइजर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा डेसीबल मीटर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन उपकरणों की सहायता से ओवरस्पीड, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि इन बाइकों का संचालन विशेष रूप से शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों के साथ-साथ जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना के अंतर्गत चिन्हित थाना क्षेत्रों में किया जाएगा। नियमित चेकिंग और विशेष अभियान चलाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इंटरसेप्टर बाइक सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगी तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने में महत्वपूर्ण साबित होंगी ।