मिशन शक्ति फेज-6 का व्यापक असर, बाजारों व भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस ने किया पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम रही सक्रिय

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी अभियान “मिशन शक्ति फेज-6” के तहत जनपद की पुलिस ने सोमवार को पूरे जिले में सघन जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन कर यह अभियान चलाया गया। अभियान के पहले चरण में पुलिस बल द्वारा जनपद के मुख्य-मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, स्कूल-कॉलेज मार्गों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पैदल गश्त की गई।
गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न हेल्पलाइन- वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या अपराध होने पर बिना डरे शिकायत करने के लिए प्रेरित किया गया।
वही अभियान के दूसरे चरण में एंटी रोमियो टीम ने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण और चेकिंग की। टीम ने स्कूल-कॉलेज, कोचिंग सेंटर, पार्क और चौराहों के आसपास खड़े होकर महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसने वाले शोहदों की चेकिंग की और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की। पुलिस ने कई मनचलों को हिदायत देकर चेतावनी भी दी।
गौरतलब है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके प्रति समाज में सम्मान की भावना पैदा करना है। जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिला अपराध से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस को दें।
