पुलिस लाइन में स्वच्छ आवास प्रतियोगिता, हेड कांस्टेबल बालेंद्र सिंह ने मारी बाजी

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत पुलिस लाइन में अनोखी पहल की गई। पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छ आवास प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों के आवासों की साफ-सफाई और रख-रखाव का मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को अपने आवास व आसपास के परिसर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान जजों की टीम ने एक-एक आवास का निरीक्षण कर स्वच्छता के आधार पर नंबर दिए। प्रतियोगिता में कमरा नं. 05 में रहने वाले हेड कांस्टेबल बालेंद्र सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अजय तिवारी, कमरा नं. 92 ने द्वितीय और अनिल राय, कमरा नं. 97 ने तृतीय पुरस्कार जीता।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना की। साथ ही मौजूद सभी पुलिसकर्मियों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि – “स्वच्छ परिसर ही स्वस्थ एवं सकारात्मक पुलिस वातावरण की पहचान है।”
इस आयोजन से पुलिस लाइन में तैनात जवानों और उनके परिवारों में स्वच्छता को लेकर काफी उत्साह देखा गया।