नेहरू स्टेडियम में दांव-पेंच का दमखम, गाजीपुर की 6 बेटियां मंडलीय कुश्ती ट्रायल के लिए चयनित

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता के लिए जनपद स्तर की प्रतिभाओं को परखने का कार्य मंगलवार को पूरा हो गया। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 02 नवंबर से 04 नवंबर तक जनपद सुल्तानपुर में आयोजित की जानी है। इसके लिए जिला स्तरीय चयन/ट्रायल मंगलवार को शहर के ऐतिहासिक नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोराबाजार के प्रांगण में आयोजित किया गया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद के मार्गदर्शन एवं देखरेख में आयोजित इस ट्रायल में जनपद के विभिन्न अखाड़ों और विद्यालयों से आई कुल 30 बालिका खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्ग (अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग) में प्रतिभाग किया। सुबह से ही स्टेडियम में गहमागहमी रही। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वरिष्ठ कुश्ती प्रशिक्षक श्री प्रेमचन्द यादव को चयनकर्ता / मुख्य निर्णायक के रूप में नामित किया गया था। उन्होंने प्रत्येक भार वर्ग में तकनीक, स्टैमिना और अंक के आधार पर मूल्यांकन किया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 30 में से 6 बेस्ट खिलाड़ियों का चयन किया गया। ये सभी खिलाड़ी अब जनपद गाजीपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए मंडलीय चयन/ट्रायल में 28 अक्टूबर को डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सिगरा, वाराणसी में प्रतिभाग करेंगी। वहां से चयनित होने पर उन्हें प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में सुल्तानपुर जाने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर क्रीड़ा अधिकारी ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला प्रशासन बेटियों को खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। ट्रायल पूरी तरह से सफलतापूर्वक और निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ।