1 नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, तैयारियों को लेकर न्यायालय सभागार में हुई बैठक
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद में 1 नवंबर को वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर (मेगा शिविर) का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर मंगलवार को जनपद न्यायालय के दशकक्षीय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या-01 / नोडल अधिकारी शक्ति सिंह-। ने की। बैठक में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलराम दास ने बताया की मेगा शिविर जनपद न्यायालय परिसर में लगाया जाएगा, जिसमें जनपद के सभी सरकारी विभागों द्वारा कैम्प लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी व लाभ दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहेंगे। शासन द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुँचाना इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। विशेष रूप से महिलाओं, गरीब, निर्बल वर्ग, अनुसूचित जाति/जनजाति और दिव्यांगजनों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस मेगा शिविर का लाभ उठाएं। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी अभयराज, जिला विद्यालय निरीक्षक अरविन्द कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.के. सिंह, विद्युत विभाग से विनोद कुमार, अमित कुमार शर्मा, गोपाल सिंह, स्वास्थ्य विभाग से प्रेमचंद चौहान, समाज कल्याण विभाग से अभय कुमार सिंह, दिव्यांगजन विभाग से अनमोल यादव सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
