66 किलो में आदर्श अत्तावर ने 707.5 और 74 किलो में एस. थमिजहरासन ने 727.5 किलो भार उठाकर हासिल किया पहला स्थान….।
गाजीपुर ।
नगर में आयोजित 52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 एवं स्पेशल ओलम्पिक प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से प्रतियोगिता में रोमांच भर दिया। विभिन्न भार वर्गों में देशभर से आए खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों के लिए जोरदार मुकाबला किया।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में सूरज पीजी कॉलेज एवं डालिम्स सनबीम स्कूल, गाजीपुर के संस्थापक हिमांशु राय, चित्रकूट डिवीजन के डिवीजन कमांडेंट होमगार्ड अमित पांडेय, होटल नंद रेजीडेंसी के मालिक अच्युतानंद पांडेय तथा बीएचयू के छात्र नेता योगी प्रवीण राय मौजूद रहे। पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय ने अतिथियों को सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में सोमवार को विभिन्न वर्गों में मुकाबले हुए। पुरुषों के 66 किलोग्राम भार वर्ग में कर्नाटक के आदर्श अत्तावर ने कुल 707.5 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। तेलंगाना के एम. वंसी ने कुल 695 किलोग्राम भार उठाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि तमिलनाडु के सिवसूर्या पी. ने 670 किलोग्राम भार उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं पुरुषों के 74 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तराखंड के एस. थमिजहरासन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 727.5 किलोग्राम भार उठाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। आंध्र प्रदेश के अर्जी बालाकृष्णन ने 705 किलोग्राम भार के साथ दूसरा तथा बिहार के विवेक कुमार गुप्ता ने 697.5 किलोग्राम भार उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय, एशिया चैंपियन अरविंद शर्मा, संजीव सिंह, पुनीत सिंघल, अमित सैनी, प्रशांत राय, सत्यम और रोहित तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।