दवा लेने जा रहे युवक को रोककर मारपीट, पिस्टल लहराकर दी धमकी
गाजीपुर ।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के बैरियापुर गांव में दवा लेने बाजार जा रहे एक युवक के साथ मारपीट और पिस्टल लहराकर धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया गया कि बैरियापुर गांव निवासी अवधेश बिंद दवा लेने के लिए बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने पिस्टल लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। वायरल वीडियो में सड़क पर मारपीट और असलहा लहराने का दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर जंगीपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।