न्यायालय परिसर में लगा मेगा विधिक सहायता शिविर, एक ही मंच पर 45 विभागों ने दी सेवाएं, 4184 लोगों को मिला लाभ

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को मेगा / वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनपद के सभी नागरिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर लगाया गया है और यह शिविर आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका निभाएगा।
शिविर के नोडल अधिकारी अपर जिला जज कक्ष संख्या-01 शक्ति सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 45 विभागों के स्टॉल लगाये गये थे और यह शिविर पूरी तरह बहुआयामी रहा, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण एवं परामर्श दिया गया, वहीं पेंशन, बिजली-पानी के बिल, बीमा योजनाओं, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बलराम दास ने बताया कि इस शिविर के माध्यम से कुल 4184 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया, जिसमें पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र और आयुष्मान कार्ड वितरित किये गये और मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा भी दी गई।
शिविर में पुलिस विभाग द्वारा लगाये गये पंडाल में लोगों को हेल्पलाइन नंबरों और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी गई, जबकि विभिन्न बैंकों के स्टॉल पर वैयक्तिक ऋण सहित अन्य ऋण योजनाओं के लिए आवेदन लिये गये। मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए शिविर में 05 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी वितरित की गई। इस अवसर पर पीओ एमएसीटी संजय हरिशुक्ला, सिविल बार संघ के महासचिव अंजनी कुमार ठाकुर, न्यायिक अधिकारी अभिमन्यू सिंह, श्वेता वर्मा, संजय के लाल, विजय कुमार, नूतन द्विवेदी समेत अन्य न्यायिक अधिकारी, पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, अधिवक्तागण, वादकारीगण और बड़ी संख्या में न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।