गाजीपुर ।
सावन के प्रथम सोमवार पर जिले में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के ऐतिहासिक ददरी घाट पर रविवार रात से ही कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु मां गंगा का पवित्र जल कलश और कांवड़ में भरकर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष के साथ प्रसिद्ध महाहर धाम शिव मंदिर की ओर रवाना हुए, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा ।
सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक के लिए दूर-दराज़ के गांवों और शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पहुंचे। गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से गंगाजल भरा और महाहर धाम के लिए अपनी पैदल यात्रा प्रारंभ की। पूरे घाट पर भक्तिमय वातावरण बना रहा तथा शिवभक्ति के रंग में सराबोर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
महाहर धाम में भगवान शिव के जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और गहरी आस्था दिखाई दी।

वहीं श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन के प्रथम सोमवार को गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है ।
कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक प्रबंध किए हैं। ददरी घाट से लेकर प्रमुख मार्गों और महाहर धाम तक पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से जारी रहे ।

सावन के पहले सोमवार पर गाजीपुर में उमड़ी श्रद्धा, आस्था और उत्साह ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। ददरी घाट से लेकर महाहर धाम तक “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा ।