रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के लाभार्थी बच्चों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और वर्तमान परिस्थितियों के बारे में जानकारी ली और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सभी बच्चों को उपहार स्वरूप स्कूल बैग, डायरी, पेन, टी-शर्ट, कैप और मिठाई भेंट की। बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें, अपना लक्ष्य तय करें और जीवन में आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना का उद्देश्य कोविड-19 महामारी में अपने माता-पिता अथवा अभिभावक को खोने वाले बच्चों को संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता देकर उनका भविष्य सुरक्षित करना है। प्रशासन योजना के लाभार्थियों को हर संभव सहयोग और सहायता देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।