गाज़ीपुर ।
उत्तर प्रदेशीय अपराध निरोधक समिति, लखनऊ के चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देश पर जिला अपराध निरोधक समिति, गाज़ीपुर के बैनर तले मंगलवार को जिला कारागार गाज़ीपुर में निःशुल्क त्वचा रोग एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन महर्षि विश्वामित्र स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद मिश्रा के सहयोग से संपन्न हुआ ।
इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. अभय शक्ति, डॉ. संजय जायसवाल, डॉ. शिशिर शैलेश (चर्मरोग विशेषज्ञ), फार्मासिस्ट विकास यादव तथा अदीप कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे ।

स्वास्थ्य शिविर में कुल 533 बंदियों की जांच की गई, जिनमें 58 बंदी त्वचा रोग से ग्रसित पाए गए । सभी मरीजों को उनके लक्षणों के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया ।
इस कार्यक्रम में जिला अपराध निरोधक समिति के जिला सचिव अभिषेक कुमार सिंह, संगठन सचिव वसीम रज़ा एवं सुनील सिंह भी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन पर बंदियों एवं जेल प्रशासन ने समिति और चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की ।
कार्यक्रम के अंत में जेल अधीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने जिला अपराध निरोधक समिति के जनहितकारी कार्यों की प्रशंसा करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। इस अवसर पर जेलर शेषनाथ यादव, डिप्टी जेलर राजेश कुमार सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे ।