जनपद में आज से गूंजेगा ‘जय श्रीराम’, 100 साल पुरानी हरिशंकरी रामलीला का होगा भव्य शुभारंभ

रायबरेली के प्रसिद्ध रामलीला मंडल के कलाकार करेंगे 19 दिनों तक रामचरित मानस पर आधारित लीला का मंचन, धनुष-मुकुट पूजन से होगी शुरुआत
(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। शहर के हरिशंकरी मोहल्ले में एक बार फिर प्रभु श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र राममय होने वाला है। अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी द्वारा आयोजित 100 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ इस वर्ष 6 अक्टूबर, मंगलवार को होने जा रहा है।
कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी (बच्चा) ने बताया कि यह रामलीला पिछले कई सौ वर्षों से गोस्वामी तुलसीदास रचित श्रीरामचरित मानस ग्रंथ के आधार पर पारंपरिक रूप से मंचित की जाती रही है। अपनी इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी रामलीला का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष की चलायमान रामलीला कुल 19 दिनों की होगी। रामलीला का मंचन प्रसिद्ध वन्दे वाणी विनायकों आदर्श श्री रामलीला मंडल, रायबरेली के कुशल कलाकारों द्वारा किया जाएगा।
शुभारंभ कार्यक्रम एकादशी तिथि, 6 अक्टूबर को सायंकाल 7:00 बजे अति प्राचीन राम चबूतरा, हरिशंकरी पर धनुष-मुकुट पूजन के साथ होगा। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार नगर के विभिन्न स्थलों पर विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा।
कमेटी ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओं, पत्रकारों एवं नगरवासियों से इस पुनीत एवं धार्मिक अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पधार कर कार्यक्रम को सफल बनाने और प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।