छठ पर्व को लेकर प्रशासन सख्त, जिलाधिकारी ने घाटों पर सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। आगामी छठ महापर्व और नदियों/तालाबों में डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में नाविकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने छठ घाटों पर भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के समस्त छठ घाटों, नदी घाटों एवं तालाबों का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट दें।
इस दौरान उन्होंने कहा कि श्मशान घाट, कलेक्टर घाट, पोस्ता घाट, ददरी घाट सहित जिन घाटों पर अधिक भीड़ की संभावना है, वहां पहले से ही बैरिकेडिंग और फ्लोटिंग बैरियर लगवाना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही तालाबों के समीप भी बैरिकेडिंग कराई जाए और गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर दूरी के अनुसार गहराई का बोर्ड लगाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक घाट पर तैनात गोताखोरों के नाम और मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं। घाटों पर गोताखोरों के साथ पुलिस और लेखपाल की ड्यूटी पहले से ही निर्धारित कर दी जाए। रात्रि के समय किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए घाटों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।