गाजीपुर में वित्तीय समावेशन की अलख, यूनियन बैंक ने लगाई जागरूकता चौपाल

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
बिरनो के लीलापुर भड़सर में लगी वित्तीय साक्षरता चौपाल, आरओ प्लांट की मिली सौगात
गाजीपुर। वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के तहत जनपद में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को बिरनो ब्लॉक के लीलापुर भड़सर गांव में अग्रणी बैंक यूनियन बैंक और आरोह फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता, बचत की आदत और बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के फायदों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूनियन बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर ने कहा कि देश की आर्थिक तरक्की में वित्तीय साक्षरता की अहम भूमिका है। हर व्यक्ति को अपनी आय के अनुसार छोटी-छोटी बचत की आदत डालनी चाहिए।
जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) राजदेव ने कहा कि बैंकिंग सेवाओं की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना ही वित्तीय समावेशन का मुख्य लक्ष्य है। एफएलसी बाले लखनदर ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की, जबकि आरोह फाउंडेशन की डीसी रितेश सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना की विस्तार से जानकारी दी।
इसी क्रम में अभियान के तहत राम जानकी विद्यालय में भी वित्तीय जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में एलडीएम राजदेव ने बच्चों को बढ़ते साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय बताए, वहीं क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने कृषि ऋण और शिक्षा ऋण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इस दौरान क्षेत्र प्रमुख मुकेश रमन ने मानवीय पहल करते हुए विद्यालय के बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ प्लांट लगवाने की सहमति दी। उनकी इस घोषणा का शिक्षकों और बच्चों ने स्वागत किया। कार्यक्रम में शाखा प्रबंधकगण, एफएलसी टीम, समस्त बीसी कोऑर्डिनेटर और बैंक मित्र उपस्थित रहे।
