गाजीपुर में रोने की परम्परा खत्म, अब ग्राम-ग्राम में होगा विकास का शंखनाद: ग्लोबल जामवन्त मिशन

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। ग्लोबल जामवन्त मिशन-भारत के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वैश्विक विशेषज्ञ, भारत सरकार के पूर्व सचिव एवं गाजीपुर के पूर्व जिलाधिकारी डा० कमल टावरी उर्फ भाई कमला नन्द जी ने गाजीपुर को स्वावलंबी, समृद्धिशाली और प्रगति के पथ पर अग्रणी बनाने के लिए विस्तृत एक्शन प्लान की घोषणा की।
डा० टावरी ने कहा कि पूर्वांचल में रोने की पुरातन परम्परा को समाप्त करना होगा। ग्रामवार जनशक्ति को जागृत कर उन्हें हनुमान जी के रूप में प्रेरित करना और जामवन्त जी द्वारा देखा-देखी पुण्य के तर्ज पर काम करना होगा। उन्होंने अत्याधुनिक जैविक-वैज्ञानिक खेती, उत्कृष्ट बागवानी, हर्बल औषधीय खेती, तकनीकी पशुपालन, स्थानीय शिल्पकला, लघु उद्योग और वैश्विक गुणवत्ता युक्त प्रोसेसिंग को युद्ध स्तर पर लागू करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गांवों में रह रहे अनुभवी विशेषज्ञों, अवकाश प्राप्त सरकारी, अर्द्ध सरकारी, सहकारी कर्मियों और प्रबुद्धजनों को सम्मानपूर्वक एकत्रित कर जामवन्त जी की भूमिका में सक्रिय किया जाएगा। इसके माध्यम से गैर सरकारी, स्वाभिमानी और स्वावलंबी समग्र विकास कार्यक्रमों से महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार किया जाएगा।
गोष्ठी की अध्यक्षता किशोर कल्याण न्याय बोर्ड की सदस्या माया सिंह ने की। उन्होंने 50 प्रतिशत मातृशक्ति का प्रतीक होने के नाते जिले की युवतियों और प्रशिक्षित महिलाओं से मिशन में तन-मन-धन से जुड़ने का आह्वान किया।
वही कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि रही राज्यसभा सांसद डा० संगीता बलवंत ने डा० टावरी के आग्रह पर सड़क से संसद तक हर स्तर पर समस्याओं के समाधान और विकसित गाजीपुर-2047 के लक्ष्य को नेतृत्व प्रदान करने का प्रण लिया। वन विभाग के अवकाश प्राप्त विशेषज्ञ के०पी० दुबे ने पर्यावरण संरक्षण पर चिंता जताते हुए कहा कि जिले में मात्र 0.1 प्रतिशत वन क्षेत्र को 33 प्रतिशत तक ले जाना लक्ष्य है, जिसके लिए युवाओं और महिलाओं को हनुमान के रूप में आगे आना होगा। बैठक में निर्णय लेते हुए कहा कि सभी पिछड़े क्षेत्रों में मिशन मोड में बिंदुवार डायरेक्टरों की नियुक्ति होगी, धन पलायन रोकने के लिए सीडीआर (ऋण जमा अनुपात) में 60 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी, एनआरआई को संगठित कर उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ग्राम और ब्लाक स्तर पर उपलब्ध कच्चे माल, श्रमशक्ति और संसाधनों का शत-प्रतिशत सदुपयोग कर हर हाथ को काम दिया जाएगा।
साथ ही तय किया गया कि नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में मिशन निदेशकों के माध्यम से जनजागरण कर संपूर्ण विकास कार्यक्रमों को युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा, जिसकी समीक्षा बैठक डा० टावरी की अध्यक्षता में होगी। इस एक्शन प्लान के क्रियान्वयन के लिए जिला संयोजक डा० विजयनरायन तिवारी को कमेटी गठन का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर उमेश चन्द्र राय, बृजभान सिंह, डा० व्यास मुनी राय, प्रदीप कुमार सिंह, ब्रजभूषण दुबे, रंगबहादुर सिंह सहित दर्जनों समाजसेवी, प्रबुद्ध महिलाएं और पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सूर्य कुमार सिंह ने किया। अंत में 25 उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को डा० कमल टावरी द्वारा अभिनंदन प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।