गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय के निर्देश पर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया ।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें उठाई गईं ।
ज्ञापन में छात्रों से जुड़े मुद्दों, किसानों को डीएपी खाद की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर व्यवस्था, बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं तथा धार्मिक आस्था से संबंधित विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया। कांग्रेस नेताओं ने इन मामलों में सरकार से शीघ्र हस्तक्षेप और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनील राम ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों, किसानों और आम जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं, किसान डीएपी खाद के लिए परेशान हैं तथा स्मार्ट मीटर व्यवस्था से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति के स्वर का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने किसानों की समस्याओं और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर भी सरकार की आलोचना की।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद की कमी, युवा शिक्षा एवं रोजगार तथा आम उपभोक्ता बढ़ते बिजली बिलों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से छात्रों से संबंधित मामलों में उचित कार्रवाई, किसानों को पर्याप्त डीएपी खाद उपलब्ध कराने, स्मार्ट मीटर व्यवस्था की निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों और धार्मिक आस्था की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।