गाजीपुर ।
सावन के दूसरे सोमवार को दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया 18 वर्षीय युवक तेज धारा की चपेट में आकर डूब गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसे गंगा से बाहर निकाला गया। पुलिस उसे तत्काल बक्सर सदर अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भांवरकोल थाना क्षेत्र के शाहपुर उर्फ माधोपुर गांव निवासी छोटेलाल यादव का पुत्र आदित्य यादव (18) सोमवार सुबह करीब नौ बजे दोस्तों के साथ नरहीं थाना क्षेत्र के कोटवा-नरायणपुर गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचा था। स्नान के दौरान आदित्य अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज धारा में बहने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके।
इस घटना की सूचना मिलने पर कोरंटाडीह पुलिस चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। गंगा में बढ़े जलस्तर और तेज धारा के बीच कई घंटे की मशक्कत के बाद आदित्य को बाहर निकाला गया। पुलिस उसे लेकर बक्सर सदर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेटे के गंगा में डूबने की खबर मिलते ही परिजन बदहवास हालत में कोटवा घाट पहुंच गए। पिता छोटेलाल यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। बाद में परिजन शव को लेकर गांव पहुंचे। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है ।