रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के किसानों ने कृषि एवं कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी विकास खण्डों पर रबी फसलों की बुआई हेतु गेहूं, चना, मटर, मसूर एवं सरसों के गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता एवं वितरण की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सभी साधन सहकारी समितियों पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता कराई जा रही है। किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गुणवत्तायुक्त बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
धान खरीद के संबंध में किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि क्रय केन्द्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा नियमानुसार धान खरीद सुनिश्चित की जाए। किसानों को धान की गुणवत्ता, नमी एवं निर्धारित मानकों के संबंध में जानकारी दी गई।
बैठक में सिंचाई व्यवस्था, नहरों की सफाई, छुट्टा पशुओं से फसलों की सुरक्षा तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
परियोजना निदेशक ने किसानों से अपील की कि धान की कटाई के बाद खेतों में पराली कदापि न जलाएं। पराली जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ-साथ भूमि की उर्वरा शक्ति एवं मिट्टी में उपलब्ध लाभकारी सूक्ष्म जीवों को भी नुकसान पहुंचता है। किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की विधियां अपनाने तथा पराली का उचित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक में कृषक सुरेन्द्र सिंह ने नरियाव समिति में खाद उपलब्ध न होने व पोटाश की मांग, कृषक अनूप राय ग्राम-पकड़ी ने पशुधन बीमा न किए जाने, कृषक बाबू लाल मानव ने अर्नव तूफान के कारण धान एवं बाजरा फसल की क्षति तथा कृषक शिवकुमार राय ग्राम-सियाड़ी ने करीमुद्दीनपुर क्रय केन्द्र को सुचारू रूप से चलाने की मांग रखी।
परियोजना निदेशक ने कहा कि किसान दिवस का मुख्य उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना तथा उनका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक में कृषि विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।