एमएलसी चुनाव की तैयारी तेज, जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया गया प्रशिक्षण, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से उपस्थित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन हेतु मतदान 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक संपन्न होगा।
आगे उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर को सभी पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में उपस्थित होकर मतपत्र, मतपेटिका, मतदाता सूची सहित अन्य निर्वाचन सामग्री प्राप्त करेंगे और अपने-अपने आवंटित मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगे। सभी जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि सुरक्षा बल योजना के अनुसार मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान शुरू होने से पहले मतदान अभिकर्ताओं की उपस्थिति में सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएं। प्रशिक्षण में मतदान के दौरान मान्य 10 पहचान पत्रों और मतपेटिका खोलने-बंद करने की विधि के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्होंने प्रारूप-16 भाग-1 का मिलान कर ही सही से भरने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी अधिकारियों को चुनाव आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए मतदान को निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वेद सिंह चौहान, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव सहित सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।