सीनियर फुटबॉल ट्रायल सम्पन्न, 45 में से 10 खिलाड़ी चयनित; अब वाराणसी में दिखाएंगे दम

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। स्तरीय समन्वय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल गुरुवार को नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोराबाजार में सम्पन्न हुआ। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू हुए ट्रायल में जनपद के कुल 45 खिलाड़ियों ने अपने जौहर दिखाए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद निर्णायक मंडल ने 10 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तर के लिए किया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद ने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 30 अक्टूबर तक वाराणसी में होगा। उससे पहले चयनित खिलाड़ी 18 अक्टूबर को प्रातः नौ बजे डॉ. सम्पूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा, वाराणसी में आयोजित वाराणसी मंडल स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर फुटबॉल कोच श्रीमती संगीता यादव, जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मो. मोईन, इंतजार शेख, राष्ट्रीय खिलाड़ी मो. अजीम एवं क्रीड़ा अधिकारी देवी प्रसाद मौजूद रहे।
वहीं, प्रदेश स्तरीय जूनियर बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय ट्रायल कल 16 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से नेहरू स्टेडियम में ही होगा। यह प्रतियोगिता 28 से 31 अक्टूबर तक अलीगढ़ में आयोजित होनी है। क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2008 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी ही इसमें भाग ले सकेंगे। इच्छुक खिलाड़ियों को अपने साथ प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र, पात्रता प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा।