हेरोइन तस्करी के मामले में एएनटीएफ ने एक हिडेन आरोपी समेत 3 को दबोचा….
गाजीपुर।
गाजीपुर शहर में हेरोइन तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब एक किलोग्राम हेरोइन बरामद होने की सूचना है। पूछताछ के दौरान टीम को तस्करी से जुड़े कई लोगों के बारे में अहम जानकारी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस-एएनटीएफ की ओर से पूरे नेटवर्क का आधिकारिक खुलासा किया जाना अभी बाकी है।
जानकारी के मुताबिक, एएनटीएफ की टीम ने शहर कोतवाली क्षेत्र के भुतहिया टांड़ इलाके में स्थित एक स्थान पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। बताया जा रहा है कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी की थी। कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की गई, जिसमें हेरोइन की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने का दावा किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र से जुड़े हैं तस्करी के तार
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े कई और लोगों के नाम सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि तस्करी का एक प्रमुख संपर्क शहर कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। पकड़े गए आरोपी के कुछ करीबी इसी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पति-पत्नी की भूमिका की भी हो रही जांच
पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर हेरोइन तस्करी के नेटवर्क में एक दंपती की भूमिका की भी जांच किए जाने की बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, गिरोह से जुड़े लोगों में मंटू नामक व्यक्ति का भी जिक्र सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामलों में चर्चा में रहा है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
राजस्थान से जुड़े होने की बात
एएनटीएफ सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गए कथित तस्कर के नेटवर्क के तार राजस्थान से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है। बताया जा रहा है कि राजस्थान से हेरोइन लाकर आसपास के जिलों में खपाने का काम किया जाता था। इस पूरे नेटवर्क में गिरफ्तार आरोपी के अलावा अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरोह में सरकारी विभाग के कर्मचारी का नाम भी सामने आने का दावा
पूछताछ के दौरान कथित गिरोह में एक सरकारी कर्मचारी का नाम सामने आने की भी चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक, उक्त व्यक्ति पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि वह गाजीपुर में तैनात है अथवा किसी अन्य जिले में, इसकी स्पष्ट पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। जांच एजेंसियां उसके संबंध में जानकारी जुटा रही हैं।
कई वर्षों से खड़ा कर रखा था कथित नेटवर्क
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने पिछले कुछ वर्षों में हेरोइन के अवैध कारोबार से कथित तौर पर काफी संपत्ति अर्जित की। बताया जा रहा है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में संपत्ति तथा महंगी गाड़ियों के जरिए उसने अपना प्रभाव बढ़ाया। मामले की जांच में उसके संपर्कों और आर्थिक गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।
एएनटीएफ की कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा बढ़ गया है। टीम गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर हेरोइन की सप्लाई लाइन, स्थानीय नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।