शारदीय नवरात्र के पहले दिन एसपी ने किया रूट मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

(*रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव*)
गाजीपुर। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व के प्रथम दिवस पर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल गश्त किया।
पुलिस अधीक्षक का यह रूट मार्च कोतवाली थाना क्षेत्र के चौकी विशेश्वरगंज से शुरू हुआ, जो लंका, बस स्टैंड और स्टेशन रोड होते हुए मालगोदाम तक गया। इस दौरान उन्होंने नवरात्र के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को 24 घंटे सतर्क और सक्रिय रहने के कड़े निर्देश दिए।
रूट मार्च के दौरान एसपी ने आम नागरिकों, दुकानदारों और प्रबुद्धजनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और सभी से शांति, आपसी सौहार्द व भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अभियान का मुख्य उद्देश्य शारदीय नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
