रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 14 व 15 नवंबर को होने वाले छठ महापर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर जनपद के दो घाटों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। प्रतिबंधित किए गए घाटों में गोराबाजार स्थित छोटा महादेवा एवं बड़ा महादेवा घाट शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार इन घाटों पर अत्यधिक पानी, अधिक गहराई, अधिक ऊंचाई और कटान होने के कारण इन्हें सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त नहीं पाया गया है। इसी को देखते हुए इन घाटों पर पूजा पर रोक लगाई गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि प्रतिबंधित घाटों पर किसी भी व्रती, महिला, पुरुष अथवा बच्चे को जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंधित घाटों पर पुलिस की तैनाती रहेगी और बैरिकेडिंग कर निगरानी की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी व्रती महिलाओं, व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रतिबंधित घाटों पर न जाकर आस-पास के अन्य सुरक्षित घाटों पर जाकर पूजा-अर्चना करें। प्रशासन द्वारा अन्य घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोर, नाव एवं चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का पर्व है। उन्होंने सभी से अपील किया है कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें, सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य दें और अपने परिवार की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।