रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। महापर्व डाला छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना जमानियां क्षेत्रांतर्गत चक्का बांध घाट का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा प्रबंधों, जल स्तर, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद अधीनस्थों को श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की कमी न रहने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नदी में गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने और स्पष्ट चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी श्रद्धालु गलती से भी गहरे पानी में न जा सके।
इस दौरान उन्होंने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों, नावों और जल पुलिस की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के समय रात्रि व भोर में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाट व संपर्क मार्गों पर हाई मास्ट लाइट, जनरेटर, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
इस दौरान महिलाओं और बच्चों की भारी उपस्थिति को देखते हुए महिला पुलिसकर्मियों और एंटी-रोमियो स्क्वाड को सादे व वर्दी दोनों रूपों में तैनात रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर सुव्यवस्थित पार्किंग और जाम मुक्त यातायात सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जमानिया, क्षेत्राधिकारी जमानिया, प्रभारी निरीक्षक जमानिया सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।