जदयू प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी के प्रयासों को मिली सफलता, रेलवे बोर्ड ने मांग को दी मंजूरी…।
गाजीपुर ।
सुहेलदेव एक्सप्रेस के परिचालन समय में बदलाव की मांग को रेलवे बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। अब गाजीपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली सुहेलदेव एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 20 मिनट बाद रवाना होगी। इसके बावजूद ट्रेन अपने गंतव्य आनंद विहार टर्मिनल पर पूर्व निर्धारित समय पर पहुंचेगी। वहीं, आनंद विहार टर्मिनल से गाजीपुर आने वाली ट्रेन भी निर्धारित समय से करीब 15 मिनट पहले पहुंचेगी।
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता विनीत कुमार तिवारी ने मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि उन्होंने 21 जुलाई 2026 को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर इस संबंध में मांग रखी थी। इसके बाद नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने व्यक्तिगत रूप से रेल मंत्री से मुलाकात कर इस मांग को प्रमुखता से रखा।
विनीत तिवारी ने बताया कि तत्कालीन रेल राज्यमंत्री और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कार्यकाल में अयोध्या रेलवे ट्रैक को सुल्तानपुर रेलवे ट्रैक से जोड़ने के लिए कॉर्ड लाइन परियोजना को स्वीकृति दी गई थी। इस परियोजना का निर्माण कार्य करीब तीन वर्ष पूर्व पूरा हो चुका है। इस रेल लाइन का उद्देश्य ऐसी ट्रेनों को बिना इंजन बदले एक रूट से दूसरे रूट पर संचालित करना है, जिससे परिचालन समय में भी सुधार हो सके।
उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार अब सुहेलदेव एक्सप्रेस गाजीपुर से शाम 5:20 बजे के बजाय 5:40 बजे रवाना होगी और आनंद विहार टर्मिनल अपने पूर्व निर्धारित समय पर पहुंचेगी। इसी प्रकार आनंद विहार टर्मिनल से चलने वाली ट्रेन, जो पहले सुबह करीब 9:30 बजे गाजीपुर पहुंचती थी, अब 9:15 बजे पहुंचेगी।
जदयू प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि रेलवे बोर्ड द्वारा मांग स्वीकार किए जाने से गाजीपुर सहित पूर्वांचल के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने इसके लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार तथा जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के प्रति जनपदवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
प्रेस वार्ता के दौरान जदयू के प्रदेश सचिव नौशाद खान, राजकुमार श्रीवास्तव और जब्बार राइनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
