गाजीपुर ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद में आयोजित जनसभा के दौरान लगभग 692 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, कानून-व्यवस्था में हुए सुधार तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण संबंधी कार्यों का उल्लेख किया ।
मुख्यमंत्री ने गाजीपुर को महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि बताते हुए जिले की सैन्य परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि गाजीपुर के हजारों जवान देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं और हर युद्ध में यहां के वीरों ने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने गहमर गांव तथा परमवीर चक्र विजेता अब्दुल हमीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी वीरता को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया ।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव के सम्मान में कराए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महापुरुषों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है ।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी, विपक्ष तथा गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी की कार्यशैली पर भी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों का प्राथमिक दायित्व क्षेत्र के विकास को गति देना है। साथ ही पूर्व भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या का उल्लेख करते हुए इसे माफिया मानसिकता का उदाहरण बताया ।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुदृढ़ हुई है और सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास, सुशासन और सुरक्षा आज उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुके हैं।
मुख्यमंत्री का यह दौरा विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जनसभा के माध्यम से उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी देने के साथ विपक्ष पर भी राजनीतिक हमला बोला ।