गाजीपुर ।
गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से किशोरियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को जनपद में अब नई कार्ययोजना के तहत तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सोमवार को प्रेस वार्ता में अभियान की प्रगति एवं आगामी रणनीति की जानकारी दी ।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 43 हजार किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया जाना है। उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत बिना विस्तृत कार्ययोजना के होने के कारण अब तक केवल लगभग 3,500 किशोरियों का ही टीकाकरण हो सका है ।
उन्होंने बताया कि अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों को जोड़ा गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें अब घर-घर जाकर पात्र किशोरियों का टीकाकरण करेंगी, जिससे अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके ।
डीएम अनुपम शुक्ला ने बताया कि एचपीवी एक ऐसा वायरस है, जो महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। उन्होंने कहा कि लगभग 99.7 प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के मामलों में यही वायरस जिम्मेदार होता है। ऐसे में समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है ।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर एचपीवी टीका उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु की बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।