गाजीपुर ।
नगर के चर्चित होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड के मुख्य फरार आरोपी और सचिन चौरसिया अपहरण कांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे के खिलाफ पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के आदेश पर बुधवार को कोतवाली पुलिस ने शहर के गौशाबाद स्थित उसके आवास पर ढोल-नगाड़ों और माइक के माध्यम से मुनादी कराते हुए बीएनएसएस की धारा 85 के तहत कुर्की की नोटिस चस्पा की ।
पुलिस ने मुनादी के दौरान सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि शंकर पांडे निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित हो। यदि वह कोर्ट में पेश नहीं होता है, तो उसकी चल एवं अचल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, कटरा गैंग का सरगना बताए जा रहे शंकर पांडे 29 मई से फरार है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उसके आवास पर नोटिस चस्पा कर स्थानीय लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई।
एडीजीसी (क्रिमिनल) अखिलेश सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि न्यायालय के आदेश के तहत पहले बीएनएसएस की धारा 84 के अंतर्गत उद्घोषणा की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद अब धारा 85 के तहत कुर्की की कार्रवाई प्रारंभ की गई है। पुलिस का कहना है कि यदि आरोपी शीघ्र न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसकी संपत्तियों की कुर्की की अगली कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बिंदु :–
• फरार आरोपी शंकर पांडे के घर कुर्की की नोटिस चस्पा।
• ढोल-नगाड़ों और माइक से मुनादी कर दी गई सार्वजनिक सूचना।
• शंकर पांडे पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित।
• कोर्ट में पेश न होने पर चल एवं अचल संपत्ति होगी कुर्क।
• न्यायालय के आदेश पर बीएनएसएस की धारा 85 के तहत कार्रवाई।