गाजीपुर, 21 जुलाई ।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गाजीपुर की बैठक मंगलवार को विकास भवन के सभाकक्ष में जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई गई।
इस बैठक में शासनादेश संख्या 02-ई.एम./9का-4-2019 दिनांक 24 मई 2019 एवं शासनादेश संख्या 09/2022 सामान्य-145/सैंतालीस-4-2022-2ई.एम./2009 कार्मिक अनुभाग-4 दिनांक 17 मई 2022 के अनुपालन में गठित समिति की बैठकों की समीक्षा की गई। वक्ताओं ने कहा कि राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पत्र दिनांक 30 सितंबर 2022 के क्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित की गई थी, जिसकी कई बैठकें हुईं। हालांकि एसआईआर एवं जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के कारण हाल के दिनों में बैठकें नहीं हो सकीं। निर्णय लिया गया कि इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी से प्रतिनिधिमंडल मिलकर नियमित बैठक कराने का अनुरोध करेगा।
वहीं इस बैठक में विकास भवन स्थित आरओ मशीन के खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया और उसे शीघ्र ठीक कराने की मांग की गई। साथ ही कुछ अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों के साथ कथित रूप से अमर्यादित व्यवहार किए जाने पर चिंता व्यक्त करते हुए ऐसे मामलों को वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उठाने का निर्णय लिया गया।

जिलाध्यक्ष दुर्गेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सभी कर्मचारी संगठन एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी अथवा संगठन के पदाधिकारी के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो सम्मान की रक्षा के लिए कार्यालय से लेकर सड़क तक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
संघर्ष समिति के चेयरमैन विवेक सिंह ‘शम्मी’ ने उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी कर्मचारी को अपमानित करने का अधिकार किसी को नहीं है और परिषद कर्मचारियों के हितों एवं सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी।
बैठक के अंत में कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अक्टूबर 2026 में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गाजीपुर का द्विवार्षिक अधिवेशन एवं चुनाव आयोजित किया जाएगा।
इस बैठक में अरविंद कुमार सिंह, कंचन जायसवाल, केदार सोनकर, मान्धाता सिंह, प्रेमप्रकाश सिंह, उमेश दुबे, संतोष सिंह, बबुआ यादव, रोशन लाल, जयप्रकाश बिंद, अखिलेश सिंह, गिरजा कुशवाहा, मनोज सिंह, विपिन सिंह, देवेंद्र मौर्य, अमृत चतुर्वेदी, अजीत विजेता, सूर्यकांत पांडेय, अभय सिंह, रफीउल्लाह एवं अवधेश यादव सहित अनेक कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन ओंकार नाथ पांडेय एवं आलोक राय ने किया ।