रिपोर्टर- सुमित श्रीवास्तव
गाजीपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का समापन सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। जनपद के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से अर्घ्य दिया। पूरा पर्व शांति, स्वच्छता और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
छठ महापर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के निर्देश देते नजर आये।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाटों पर पुलिस बल, पीएसी, जल पुलिस, अग्निशमन दल, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय और बचाव दल तैनात रहे।
भीड़ प्रबंधन के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गई थी, वहीं ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी घाटों की निगरानी की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, जमानिया, भुड़कुड़ा और जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखे।
इस अवसर पर महत्वपूर्ण घाटों पर मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के तहत महिला सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई थी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और अपील की कि पर्व को शांति, स्वच्छता और सौहार्द के साथ मनाएं तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।




