रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। महापर्व डाला छठ को लेकर डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने डीएम अनुपम शुक्ला व पुलिस कप्तान विनय कुमार सिंह के साथ जनपद के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।
उन्होंने सिकंदरपुर, नवापुरा, स्टीमर घाट, साईंनाथ मंदिर, पीर नगर, कलेक्टर घाट, ददरी, पक्का घाट, पक्का पुल राजगंज, रामेश्वर, अंजही व चीतनाथ घाट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वही इस अवसर पर डीआईजी ने गहरे पानी में बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड, जल पुलिस व गोताखोरों की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था, CCTV निगरानी, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सुचारू यातायात व पार्किंग के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर ड्यूटी करने और भीड़ प्रबंधन व आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां मुस्तैद रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने घाटों पर मौजूद पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था का बड़ा पर्व है, इसमें लाखों श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए।
डीआईजी ने साफ-सफाई, घाटों पर फिसलन वाली जगहों पर विशेष ध्यान देने और अर्घ्य के समय पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में छठ पर्व मना सकें।




