रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
गाजीपुर। छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। गंगा नदी और तालाबों की गहराई व खतरनाक परिस्थितियों को देखते हुए जनपद की विभिन्न तहसीलों में कई घाटों पर छठ पूजा के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिबंधित घाटों के स्थान पर नजदीकी वैकल्पिक घाटों और तालाबों को चिह्नित किया है। मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने बताया कि श्रद्धालु निर्धारित वैकल्पिक स्थलों पर ही पूजा-अर्चना करें।
सदर तहसील में ये बदलाव
सदर तहसील में छोटा महादेव घाट और बड़ा महादेव घाट के स्थान पर पीरनगर घाट, फॉक्सगंज घाट के स्थान पर पवहारी बाबा घाट, रिवर बैंक घाट के स्थान पर पीरनगर घाट और पत्थर घाट के स्थान पर पावहारी बाबा घाट को वैकल्पिक घाट बनाया गया है। वहीं अमवा घाट (लीलापुर) के स्थान पर सिकंदरपुर घाट और लीलापुर घाट पर पूजा होगी।
अन्य तहसीलों में वैकल्पिक व्यवस्था सैदपुर तहसील में बासूचक घाट पर प्रतिबंध के बाद उसके बगल स्थित दूसरे तालाब में पूजा की जा सकेगी। जमानियां तहसील में पटकनियां के स्थान पर युवराजपुर और चक्काबांध पंप साइड-वन के स्थान पर बवाड़े में वैकल्पिक स्थल चिह्नित किया गया है।
मोहम्मदाबाद तहसील में सुल्तानपुर घाट के स्थान पर कोयला घाट और बच्चन का पुरा में पूजा होगी। कासिमाबाद तहसील में कोदई तालाब के स्थान पर तालाब से 300 मीटर दूर ग्राम पंचायत स्तर से गड्ढा खोदा जा रहा है। गेहूदी के स्थान पर गोधनी नाल गोचर की भूमि में गड्ढा खोदकर डाला छठ पूजन की व्यवस्था की जा रही है। सेवराई तहसील में भुल्ली बाबा की चौरी के स्थान पर श्रद्धालुओं से कैनाल घाट गहमर में दर्शन-पूजन का अनुरोध किया गया है।
प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें और चिह्नित वैकल्पिक स्थलों पर ही छठ पूजा संपन्न करें।