रिपोर्टर: सुमित श्रीवास्तव,
एसपी विनय कुमार सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम ने दिया प्रशिक्षण, हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों के पालन पर दिया जोर
गाजीपुर। यातायात माह – नवम्बर 2026 के अंतर्गत शनिवार को जनपद पुलिस की यातायात टीम ने एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों में यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि सड़क पर चलते समय किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। छात्र-छात्राओं को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने, ओवर स्पीडिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करने और यातायात संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
टीम ने बच्चों से अपील की कि वे खुद नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे। गाजीपुर पुलिस द्वारा यातायात माह के दौरान विद्यालयों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।